नई दिल्ली। यदि आप मैनेजमेंट प्रोग्राम में स्नातकोत्तर प्रोग्राम की पढ़ाई करना चाहते हैं तो फिर दाखिला आवेदन पत्र भरने के लिए तैयार हो जाएं। आंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली ने शैक्षणिक सत्र 2021-23 में एमबीए प्रोग्राम में ऑनलाइन दाखिला विंडो ओपन कर दी है। 85 फीसदी सीटें दिल्ली के छात्रों के लिए आरक्षित हैं। जबकि 15 फीसदी सीटों पर अन्य राज्यों के छात्रों को दाखिला मिलेगा।
दाखिला सीट आंबेडकर विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा और कैट -2020 की मेरिट के आधार पर मिलेगी। आंबेडकर विश्वविद्यालय की दाखिला प्रवेश परीक्षा 11 अप्रैल को आयोजित होगी। जबकि अप्रैल के आखिरी हफ्ते और मई के पहले हफ्ते में पर्सनल इंटरव्यू शेड्यूल है।
आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस पब्लिक पॉलिसी एंड सोशल आंत्रप्रेन्योरशिप ने शैक्षणिक सत्र 2021-2023 के तहत एमबीए प्रोग्राम में दाखिला आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक छात्र 28 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन भेज सकते हैं। एमबीए प्रोग्राम में दाखिला सीट आईआईएम की ओर से आयोजित होने वाले कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) की मेरिट और विश्वविद्यालय की अपनी प्रवेश परीक्षा की मेरिट से मिलेगी। हालांकि छात्र कैट के साथ-साथ विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में भी भाग ले सकते है। यानी दोनों प्रवेश परीक्षाओं की मेरिट के आधार पर सीट मिल सकती है।
-----
गलत जवाब पर कटेगा एक अंक
आंबेडकर विश्वविद्यालय भी एमबीए प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगा। प्रवेश परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। सही उत्तर पर चार अंक और गलत पर एक अंक कट जाएगा। यानी परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी। मेरिट लिस्ट में लिखित परीक्षा का वैटेज 70 फीसदी, पर्सनल इंटरव्यू का वैटेज 30 फीसदी और निबंध लेखन का दस फीसदी वैटेज मिलेगा। इसके अलावा एक साल के अनुभव का पांच फीसदी वैटेज रहेगा।