पूर्वी दिल्ली। शकरपुर में घर से सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान शास्त्री नगर निवासी राज हलदर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए तीन हार और साढ़े तीन जोड़ी बालियां बरामद की हैं। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस उसके साथी का पता लगाने की प्रयास कर रही है। पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि शकरपुर निवासी राहुल कुमार ने शिकायत दी थी कि आठ नवंबर की रात करीब दो से तीन बजे के बीच जब परिवार सो रहा था, तब घर में घुसे चोर जेवरात और मोबाइल चोरी कर ले गए। नौ नवंबर को शकरपुर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दो संदिग्धों की पहचान हुई। सीसीटीवी फुटेज और सूचना के आधार पर पुलिस ने 20 नवंबर को राज हलदर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने एक दिन की रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात बरामद किए। ब्यूरो