महिला ने पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि उसका भाई सेक्टर-3 आईएमटी मानेसर में स्थित एक कंपनी में काम करता था और गांव खोह में किराए पर रह रहा था। जिस कंपनी में उसका भाई काम करता था, उसी कंपनी में काम करने वाले तीन व्यक्ति भी मृतक पुष्पेन्द्र के किराए के कमरे में रहते थे। महिला के भाई पुष्पेन्द्र ने उसको कई बार फोन पर बताया था कि इसके साथ कमरे पर रहने वाले इसके साथी छोटी-छोटी बातों पर इसके साथ झगड़ा करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।
महिला ने बताया कि बीते 10 दिसंबर को सुबह लगभग 4.30 बजे उसके छोटे भाई ने फोन करके जानकारी दी कि पुष्पेन्द्र उठ नहीं रहा है। तो इसने गांव खोह में अपने भाई पुष्पेन्द्र के किराए के कमरे पर आकर देखा तो वह कमरे में फर्श पर मृत पड़ा हुआ था और उसके गले व सिर पर चोट के निशान थे। उसके भाई के साथ रहने वाले व्यक्तियों ने इसके भाई से रंजिश रखते हुए उसकी हत्या की है।
मृतक पुष्पेन्द्र की बहन की शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में हत्या संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रबंधक निरीक्षक देवेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या मामले में आरोपियों को बीते बुधवार को नजदीक पॉवर हाउस सेक्टर-3 आईएमटी मानेसर से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सर्जन उर्फ अली, रामानन्द उर्फ बिल्लू, अजीत उर्फ बिन्नी सभी निवासी गांव गणेशपुर, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वर्तमान में गांव खोह आईएमटी मानेसर में रहते हैं।
कमरे में चारों कर रहे थे शराब का सेवन
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपी व मृतक पुष्पेन्द्र आईएमटी मानेसर में एक ही कंपनी में काम करते हैं। ये सभी गांव खोह में एक ही कमरे में रहते थे। बीते नौ-दस दिसंबर की रात को तीनों आरोपी व मृतक किराए के कमरे पर मौजूद थे और शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान मृतक के साथ इनकी कहासुनी व गाली-गलौज हो गई। इसकी रंजिश रखते हुए आरोपी रामानन्द व अजीत ने पुष्पेन्द्र के हाथ व पैर पकड़े और आरोपी सर्जन उर्फ अली ने बिजली की तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।