दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर चुनाव आयोग को निशाने पर लिया है। विधानसभा चुनावों में वोट चोरी को लेकर चुनाव आयोग पर हमला बोला है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चुनाव आयोग अनियमितताओं को छुपा रहा है और मतदाताओं के नाम हटाए जाने की जानकारी छिपा रहा है।
शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में वोट चोरी हुई है जहां फरवरी में हुए चुनावों में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, भाजपा के प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के बीच मुकाबला था।
भारद्वाज ने आगे कहा कि हमने मतदाता सूची से नाम हटाने के फर्जी मामलों की जाँच की माँग करते हुए चुनाव आयोग को पत्र भी भेजे थे, लेकिन आरटीआई के जवाब में कहा गया कि मांगी गई जानकारी का सार्वजनिक गतिविधि या हित से कोई संबंध नहीं है। इससे पता चलता है कि मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका संदिग्ध है। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पूरा आयोग वोट चोरी को छुपाने की कोशिश कर रहा है।
चुनाव आयोग ने दिया जवाब
आरोपों को खारिज करते हुए चुनाव आयोग ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चुनाव आयोग ने 13.01.2025 को दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री आतिशी को 76 पृष्ठों का एक विस्तृत जवाब भेजा था, जिसमें सीईओ/डीईओ की रिपोर्ट सहित सात अनुलग्नक शामिल थे। आतिशी ने जनवरी में दो पत्र लिखे थे एक पांच जनवरी को और दूसरा 9 जनवरी को जिसको लेकर विस्तृत जवाब दिया गया था।