नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर 700 स्कूलों में पढ़ने वाले करीब साढ़े तीन लाख बच्चों को किताबें मुहैया न कराने का आरोप लगाया है। पाठक ने कहा कि निगम अपने स्कूल में पढ़ने वाले लाखों बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है। वहीं डॉक्टरों को भी वेतन नहीं दे पा रही है।
दुर्गेश पाठक ने कहा एक तरफ भाजपा नेता अमीर हो रहे हैं। वहीं, स्कूल और अस्पताल बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता से अपील करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ राजनीति न करें और बच्चों को किताब मुहैया कराने का निर्देश दें। कोरोना वायरस से सभी लोग परेशान हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा नुकसान स्कूली छात्र-छात्राओं का हुआ है।
उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि दिल्ली में प्राथमिक शिक्षा की जिम्मेदारी निगम की है। निगम के अंतर्गत हजारों प्राथमिक स्कूल आते हैं। इनमें से लगभग 700 उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हैं। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई अप्रैल में शुरू हो जाती है, लेकिन छह महीने बाद भी अब तक इन्हें किताबें नहीं मिली हैं।
पाठक ने कहा कि निगम स्कूलों में वह बच्चे पढ़ते हैं जिनके माता-पिता बेहद गरीब और मजदूर वर्ग से आते हैं। इन बच्चों को ऑनलाइन क्लास के लिए हाइटेक मोबाइल और लैपटॉप आदि उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती है। वहीं, बच्चों के पास किताबें नहीं होंगी तो बच्चे ऑनलाइन क्लास में शिक्षा प्राप्त करने में भी असमर्थ होंगे।