समयपुर बादली इलाके की घटना, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समयपुर बादली इलाके में झगड़े का बदला लेने के लिए युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त मनीष के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान आशीष और सुमित के रूप में हुई है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि तीन नवंबर की देर रात पुलिस को अंडरपास के पास दो युवकों के घायल होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां समयपुर बादली निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव और मनीष घायल अवस्था में मिले। पुलिस दोनों को पास के अस्पताल में लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में संतोष ने बताया कि मनीष का 16 अगस्त को आशीष से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। मनीष ने आशीष की पिटाई कर दी। लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
2 नवंबर की रात आशीष ने मनीष को अंडरपास के पास बातचीत करने के लिए बुलाया था। जहां कहासुनी होने पर आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ पत्थर से हमला कर दिया। मनीष और संतोष के सिर पर गहरी चोट लगी, जिससे दोनों बेहोश हो गए। कुछ देर बाद संतोष को होश आया, तो उसने मनीष को बेहोश पड़ा हुआ पाया। उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस दोनों को पास के अस्पताल लेकर गई, जहां मनीष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद घटना के 24 घंटे बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान एमसीडी कॉलोेनी समयपुर बादली निवासी आशीष और सूरज पार्क निवासी सुमित के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पत्थर, स्कूटी और बाइक बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आशीष पर समयपुर बादली थाने में हत्या का मामला दर्ज है, जिसे उसने साल 2024 में अंजाम दिया था।