30 हेक्टेयर में बस रहा ईस्ट दिल्ली हब, कड़कड़डूमा में तैयार हो रहे 1026 फ्लैट के साथ व्यावसायिक परिसर
उपराज्यपाल ने की प्रोजेक्ट की समीक्षा, प्रोजेक्ट जल्द पूरा करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। 30 हेक्टेयर में फैला कड़कड़डूमा का ईस्ट दिल्ली हब शहरी विकास की नई तस्वीर पेश करने जा रहा है। यहां 48 मंजिला और 155 मीटर ऊंचा आवासीय टावर, 1026 प्रीमियम फ्लैट, व्यावसायिक परिसर, खेल सुविधाएं और करीब 20 हजार वर्गमीटर का हरित क्षेत्र विकसित किया गया है। परियोजना का निर्माण अब अंतिम चरण में है। मंगलवार को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मौके पर पहुंचकर इसकी प्रगति का जायजा लिया। साथ ही डीडीए व निर्माण एजेंसी एनबीसीसी को आपसी तालमेल के साथ बचा काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर उपराज्यपाल ने आवासीय टावरों में चल रहे फिनिशिंग कार्यों के साथ नागरिक सुविधाओं और आसपास विकसित किए जा रहे हरित क्षेत्रों को नजदीक से देखा। उन्होंने परियोजना की प्रगति और हैंडओवर से पहले पूरे किए जाने वाले कार्यों की जानकारी भी ली। उपराज्यपाल ने कहा कि ईस्ट दिल्ली हब को टिकाऊ और आधुनिक शहरी जीवन का उदाहरण बनना चाहिए। परियोजना की परिकल्पना के अनुरूप उसका निर्माण और सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
टीओडी मॉडल को हकीकत में बदलेगा प्रोजेक्ट
यह परियोजना ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) मॉडल पर विकसित की जा रही है। इसके तहत आवासीय परिसर, व्यावसायिक गतिविधियों, नागरिक सुविधाओं और हरित क्षेत्रों को एक ही स्थान पर विकसित किया गया है। इसका मकसद लोगों को घर, कामकाज और रोजमर्रा की सुविधाएं सार्वजनिक परिवहन के नजदीक उपलब्ध कराना है।
दिल्ली की सबसे ऊंची इमारत
परियोजना के पहले चरण में डीडीए ने डीडीए टावरिंग हाइट्स नाम से प्रीमियम आवासीय योजना शुरू की थी। इसमें दो बेडरूम वाले 1026 फ्लैट शामिल हैं। आवासीय टावरों में सबसे ऊंची इमारत 48 मंजिला और करीब 155 मीटर ऊंची है। डीडीए के अनुसार, यह दिल्ली की सबसे ऊंची आवासीय इमारत है।
कनेक्टिविटी अच्छी
कड़कड़डूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के ठीक पास होने से इस परियोजना को ब्लू और पिंक लाइन की कनेक्टिविटी मिलती है। वहीं, एनएच-9 और 24 से सड़क संपर्क है। इसके साथ आनंद विहार रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस अड्डा भी नजदीक हैं। परियोजना में मिवान शटरिंग तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाले जिप्सम प्लास्टर का इस्तेमाल किया गया है।
जॉगिंग ट्रैक, खेलने का स्थान और लैंडस्केपिंग की व्यवस्था
परिसर में 20 हजार वर्गमीटर का केंद्रीय हरित क्षेत्र विकसित किया गया है। इसमें जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के खेलने का स्थान, ओपन एयर जिम, क्रिकेट मैदान, बैडमिंटन कोर्ट और लैंडस्केपिंग की व्यवस्था है। डीडीए का दावा है कि इस परियोजना के जरिये आवास, सार्वजनिक परिवहन, मनोरंजन और हरित सुविधाओं को एकीकृत शहरी परिसर में उपलब्ध कराया जाएगा।