-मध्य दिल्ली के चांदनी महल इलाके से महिला अगवा कर मासूम को ले गई बाराबंकी स्थित अपने गांव, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके में महिला ने भीख मंगवाने के लिए चार साल की मासूम बच्ची को अगवा कर लिया। महिला बच्ची को लेकर अपने गांव बाराबंकी पहुंच गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम उसकी तलाश में यूपी पहुंच गई। महिला को जैसे ही पुलिस के आने का पता चला वह बाराबंकी से निकलकर वापस दिल्ली पहुंच गई। टीम ने महिला को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही दबोच लिया और बच्ची को सकुशल अपने कब्जे में ले लिया।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया, आरोपी की पहचान बाराबंकी के भगतपुर,निवासी बरखा (40) के रूप में हुई है। 18 जून को चांदनी महल थाने में दंपती ने अपनी चार साल की बच्ची के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। दंपती ने बताया कि शाम के समय दोनों अपने काम में व्यस्थ थे। इस बीच उनकी बच्ची खेल रही थी। किसी ने उसको अगवा कर लिया। पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर मासूम अकेली दिल्ली गेट संचार भवन के पास जाती हुई दिखी थी। महिला ने तीन दिन मासूम को अपने पास रखा था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह मासूम का सौदा करना चाहती थी। बच्ची उसे संचार भवन के पास अकेली घूमती हुई मिली तो उसने उसे अगवा कर लिया।