उत्तम नगर इलाके की घटना, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तम नगर इलाके में कहासुनी होने पर जूस की दुकान में साथ काम करने वाले युवक ने अपने साथी कर्मचारी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त सूरज के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी सत्यदेव मौके से भाग गया।
पुलिस ने छानबीन करने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बाद में आरोपी को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के मुताबिक, मूलत: बहराइच, यूपी का रहने वाला मोहम्मद आकिद विकास नगर में रहता है। वह अपने ताऊ के बेटे साकिब के साथ नवादा मेट्रो गेट नंबर दो स्थित ताऊ जफर अली की जूस की दुकान की देखरेख करता है। उत्तम नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में उसने बताया कि उनकी दुकान पर बाराबंकी यूपी निवासी सूरज और बहराइच यूपी निवासी सत्यदेव नाम के दो कर्मचारी काम करते थे। दोनों काम करने के बाद दुकान में ही सो जाते थे।
आकिद ने बताया कि वह रोजाना रात 11 बजे दुकान बंद करता था। 31 अक्तूबर की रात दुकान का काम खत्म करने के बाद दोनों कर्मचारी को दुकान की सफाई करके उसे बंद करने की हिदायत देकर खाना खाने के लिए घर चला गया। रात 12 बजे वापस दुकान पर जांच करने के लिए पहुंचा। उसने देखा कि सत्यदेव सूरज को लात, घूंसे और मुक्के से मार रहा है। जीना हराम करने की बात कहकर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने सूरज को जमीन पर गिरा दिया और फिर सीमेंट का एक बड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर मार दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस घायल सूरज को पास के अस्पताल में ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके परिवार वालों को घटना की जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में पता चला कि सत्यदेव झगड़ालू प्रवृत्ति का व्यक्ति है और वह सूरज के साथ हमेशा झगड़ा करता रहता था। पुलिस ने आकिद के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 2 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक रिकार्ड की जांच की जा रही है।