दिल्ली और रोहतक में करनी थी बदमाशों की हत्या, दो पिस्टल और दो कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका जिला वाहन चोरी निरोधक शाखा ने विरोधी गैंग के दो बदमाशों की हत्या के इरादे से घूम रहे बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी मनीष उर्फ मिशु काला जठेड़ी और ओम प्रकाश उर्फ काला झरोड़िया गैंग का बदमाश है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से दो पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए हैं।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा गैंगस्टरों से जुड़े बदमाशों पर लगातार निगरानी रख रही है। निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को बदमाश मनीष उर्फ मिशु के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने बदमाश पर निगरानी बढ़ाई। 21 फरवरी को पुलिस ने झरौदा कलां निवासी मनीष को द्वारका नाला रोड हरि विहार के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को बदमाश के पास से दो पिस्टल और कारतूस मिले। पूछताछ में पता चला कि मनीष आर्म्स एक्ट का आदतन अपराधी है। बदमाश ने बताया कि जेल में रहने के दौरान वह गैंगस्टर ओम प्रकाश उर्फ काला झरोड़िया के संपर्क में आया। ओम प्रकाश ने उसे गैंग के लिए शूटर के तौर पर काम करने के लिए कहा। उसने बताया कि उसे झरौदा गांव और रोहतक में रहने वाले विरोधी गैंग के दो बदमाशों की हत्या के निर्देश दिए गए थे।