तिलक मार्ग थाना इलाके के मथुरा रोड पर मटका पीर के पास केरल निवासी दो युवकों से बरामद 85.87 लाख रुपये देश में 25 से ज्यादा जगह भेजे जाने थे। पकड़े गए आरोपी मिस्बाहुद्दीन (23) और शम्मीम हुसैन (24) इस रकम को नोएडा ले जा रहे थे। पुलिस टीमें इनके मालिक को पकड़ने के लिए दिल्ली व नोएडा में दबिश दे रही हैं। साथ ही, मोबाइल, इंस्टाग्राम व ईमेल खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की भाभी का नोएडा में मकान है। दोनों आरोपी वहां रहते हैं। इनका मालिक दिल्ली-6 में रहता है। मालिक के कहने पर दोनों आरोपी रकम को देश में जगह-जगह भेजने के लिए नोएडा ले जा रहे थे। जिन लोगों को रकम भेजी जानी थी, उनमें से कुछ के परिजन व रिश्तेदार खाड़ी देशों में रहते हैं। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों व मोबाइलों की डिटेल भी खंगाल रही है।
खुफिया विभाग, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल व अन्य एजेंसियों ने दोनों आरोपियों से पांच घंटे से ज्यादा पूछताछ की है। एसीपी बाराखंभा अतुल कुमार व तिलक मार्ग थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा की टीम ने भी पूछताछ की। तिलक मार्ग थाना पुलिस ने दोनों को बाउन-डाउन (पाबंद, यानी जब पुलिस बुलाएगी थाने आना होगा) कर दिया है। आयकर विभाग व ईडी की टीमें भी पूछताछ कर रही है।
ऐसे आता हे पैसा
खाड़ी देशों से कैश नहीं लाया जा सकता है। इसे लाने पर मोटा टैक्स लगता है। ऐसे में वहां रहने वाले लोग या शरारती तत्व वहां के हवाला कारोबारी को दिनार देते हैं। हवाला कारोबारी कमीशन काट लेता है। इसके बाद दिल्ली में बैठे साथी हवाला कारोबारी वहां रहने वाले लोगों के बैंक खाता नंबर व मोबाइल नंबर देते हैं। यहां पर हवाला कारोबारी कमीशन काटकर रकम एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने वालों को देते हैं। ये अपना कमीशन लेकर रकम को उनके परिजनों के बैंक खाते में जमा करा देते हैं या फिर संबंधित जगह पर साथियों को बोलकर खाड़ी देशों में रहने वाले परिजनों तक पहुंचा देते हैं।