हेडगेवार अस्पताल में मरीज की मौत, डॉक्टरों पर आरोप
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के डॉ. हेडगेवार अस्पताल में बृहस्पतिवार को एक मरीज की मौत होने के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों के खिलाफ हंगामा करते हुए पुलिस को बुला लिया। आनन फानन में प्रबंधन के तमाम अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने में जुटे। परिजनों का आरोप है कि लापरवाही के चलते उनके मरीज की मौत हुई है। परिजनों ने डॉक्टरों पर भी मरीज के साथ मारपीट के आरोप लगाए हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मेडिकल बोर्ड के जरिये शव का पोस्टमार्टम कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के न्यू संजय अमर कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय श्याम की तबियत कुछ रोज पहले खराब हो गई थी। बताया जा रहा है कि श्याम नशा भी करता था। वह रिक्शा गैरेज में रहता था। कमर और पेट में दर्द के अलावा दस्त की शिकायत के कारण उन्हें बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोपहर बाद आराम मिलने पर मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन देर शाम तबियत फिर से बिगड़ गई। बेहोशी की हालत में मरीज को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान मरीज श्याम ने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई बाल किशन का आरोप है कि उनके भाई का अस्पताल के डॉक्टरों ने सही उपचार नहीं किया। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार बृहस्पतिवार देर शाम तक परिजनों ने शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।