दिल्ली के चार लोगों में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिला है। चारों लोकनायक अस्पताल में भर्ती हैं। हाल ही में ब्रिटेन यात्रा से लौटे चारों को कुछ समय पहले भर्ती किया गया था। बुधवार को नई दिल्ली स्थित नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) में जीनोम सिक्वेंसिंग के दौरान चार लोगों के सैंपल में नया स्ट्रेन पाया गया। जिन लोगों में नया स्ट्रेन मिला है उनके परिजनों और मिलने वालों की जांच भी शुरू कर दी गई है। इनके सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग भी कराई जाएगी है ताकि सुपर स्प्रेडर स्ट्रेन को फैलने से रोका जा सके।
लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि ब्रिटेन की यात्रा से लौटने के बाद संक्रमित मिल रहे लोगों को अन्य कोविड मरीजों से अलग वार्ड में रखा गया है। इनमें से चार लोगों में नया स्ट्रेन मिला है। चारों को दूसरे कक्ष में चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है। अभी कुछ और सैंपल की जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
वहीं एनसीडीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनके यहां 14 लोगों के सैंपल जांच के लिए आए थे। तीन दिन तक जीनोम सिक्वेंसिंग के बाद इनमें से 8 लोग नए स्ट्रेन से ग्रस्त मिले हैं जिनमें से चार दिल्ली निवासी हैं। वहीं दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ब्रिटेन से आने वालों की हर जिले में जांच चल रही है।
ब्रिटेन से लौटे संक्रमितों की संख्या 38
ब्रिटेन से लौटकर दिल्ली आने वालों के कोरोना संक्रमित मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को अलग-अलग जगहों पर दो लोग और कोरोना संक्रमित मिले। जिन्हें लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी के साथ ही अस्पताल में बुधवार शाम तक ब्रिटेन से दिल्ली लौटकर आए संक्रमितों की संख्या 38 हो गई है। जानकारी के अनुसार 21 से 23 दिसंबर के बीच दिल्ली हवाई अड्डे पर 11 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद 28 लोगों की पहचान उनके घर पहुंचने के बाद जांच में हुई है।
इस तरह राजधानी में कुल 39 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें एक आंध्र प्रदेश की महिला भी शामिल है जो हवाई अड्डे से फरार हो गई थी। यह महिला अभी आंध्र प्रदेश के एक अस्पताल में भर्ती है। इसलिए अब लोकनायक अस्पताल में कुल 38 मरीज हैं। इनमें दिल्ली और बाहरी राज्य दोनों के मरीज शामिल हैं।