नई दिल्ली। निजामुद्दीन थाना पुलिस ने सस्ते दाम में सोना दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले चार बदमाशों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी खाड़ी देशों से सस्ते में सोना लाने का झांसा देते थे। उनके पास से 7.62 लाख रुपये और 6 मोबाइल बरामद किए गए हैं। दक्षिण पूर्व जिला डीसीपी ईशा पांडेय ने बताया कि निजामुद्दीन निवासी शोभित मंगल ने बताया कि इंडिया मार्ट साइट पर उनकी पहचान शोएब पठान नामक युवक से हुई। उसने खाड़ी देशों से सस्ते में सोना मंगाने की बात कही। आरोपी ने 200 ग्राम सोने के लिए निजामुद्दीन दरगाह पर बुलाया। यहां पीड़ित से आठ लाख रुपये लिए और 10 रुपये का फटा नोट देकर चांदनी चौक स्थित आरके ज्वेलर से सोना लेने की बात कही। उसके बाद से उसका फोन बंद हो गया। मामला दर्ज कर निजामुद्दीन थानाध्यक्ष मुकेश वालिया की टीम ने जांच शुरू की। जांच में पता लगा कि आरोपी के मोबाइल पर ट्रू-कॉलर आईडी पर गुजरात नंबर की कार की फोटो लगी थी। आरोपी की कार अलवर, राजस्थान के पास देखी गई। पुलिस ने चार आरोपियों शोएब, सोधा साबिर हुसैन, इमरान मुबारक जुनैजा और चानिया जुबैर को एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो