नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन लाख के पास पहुंच चुकी है। बुधवार को लगातार दूसरे दिन मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। राहत की खबर है कि आठवें दिन भी संक्रमितों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या देखने को मिली है। अब तक 2,98,107 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में 2871 संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि 35 लोगों की मौत हुई है। इतना ही नहीं 3370 मरीजों को डिस्चॉर्ज भी किया गया है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 51,505 लोगों की जांच हुई, जिनमें से 5.57 फीसदी संक्रमित पाए गए। फिलहाल बीते 10 दिन की स्थिति पर गौर करें तो दिल्ली में कोरोना वायरस से मृत्यु दर 1.41 फीसदी दर्ज की गई है।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में फिलहाल संक्रमण दर 8.71 फीसदी पर बनी हुई है। अब तक 2,70,305 मरीज डिस्चॉर्ज हो चुके हैं, जबकि 5616 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में सक्रिय मामले 22,186 में से 12,691 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। प्रति 10 लाख की आबादी पर 1,80,130 लोगों की कोरोना जांच हुई है। अब तक 34 लाख सैंपल की जांच दिल्ली में हो चुकी है।
फिर बढ़े कंटेनमेंट जोन
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को कंटेनमेंट जोन की संख्या में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले बीते मंगलवार को 40 दिन बाद कंटेनमेंट जोन की संख्या में कमी दर्ज की गई थी। बीते पांच अक्तूबर को इनकी संख्या 2707 थी, जबकि 6 अक्तूबर को 2697 दर्ज की गई। बुधवार को एक बार फिर पांच नए कंटेनमेंट जोन बनाए जाने के बाद यह संख्या 2702 पर पहुंच चुकी है।