निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज में आए करीब 275 विदेशी जमाती अभी भी दिल्ली में रुके हुए हैं। इन विदेशी जमातियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने दो-दो जगह मामले दर्ज किए थे। अपराध शाखा में मामला दर्ज किया गया था और स्थानीय थाना पुलिस ने भी मामला दर्ज किया था। दूसरी तरफ ज्यादातर विदेशी जमाती अपने देश लौट चुके हैं। अपने देश लौटने वाले विदेशी जमातियों की एलओसी खोली जा रही है। इसके अलावा तब्लीगी मरकज के मौलाना मोहम्मद साद अभी जामिया नगर में रह रहे हैं। जामिया नगर में उनके रिश्तेदार का घर है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज में आए करीब 960 विदेशी जमातियों के खिलाफ अपराध शाखा ने मामला दर्ज किया था। इन पर दिल्ली में तब्लीगी मरकज में आकर कोरोना महामारी फैलाने का आरोप था। अपराध शाखा ने सभी विदेशी जमातियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। इनमें से ज्यादातर विदेशी जमातियों ने अपनी गलती मान ली थी और अपने देश लौट चुके हैं, लेकिन स्थानीय थाना पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के कारण दिल्ली में अभी करीब 275 विदेशी जमाती रुके हुए हैं।
इन विदेशी जमातियों के खिलाफ ज्यादातर मामले उत्तरी जिला, उत्तर-पूर्वी जिला और मध्य जिले में दर्ज किए गए। ये विदेशी इन जिलों में मस्जिदों व अन्य जगहों पर मिले थे। इन विदेशी जमातियों के खिलाफ थानों में दर्ज मामलों को भी पटियाला कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया है। अपराध शाखा द्वारा विदेशी जमातियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की सुनवाई भी पटियाला कोर्ट में चली थी। संबंधित थाना पुलिस भी इन विदेशी जमातियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है।
कोलकाता जाने वाले 108 जमातियों को क्लीन चिट
दूसरी तरफ दिल्ली से जो 108 विदेशी जमाती कोलकाता गए थे, उनको दिल्ली पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है। दिल्ली पुलिस ने गृहमंत्रालय के आदेश के बाद कोलकाता में जाकर इन विदेशी जमातियों से पूछताछ की थी। पुलिस की जांच में ये बात सामने आई है कि ये विदेशी जमाती मार्च से पहले ही दिल्ली से कोलकाता चले गए थे। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिन विदेशियों को उनके देश लौटने की अनुमति मिल रही है, उनकी एलओसी खोली जा रही है।