साइबर सेल ने दोनों आरोपियों को दबोचा, ठगों को म्यूल अकाउंट कराते थे उपलब्ध
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अपराध शाखा की साइबर सेल ने ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग और स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर चल रहे साइबर ठगी के रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सितारगंज, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड निवासी सज्जाद अहमद (35) और उत्तम मंडल (40) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपी विदेश में बैठे साइबर ठगों को म्यूल अकाउंट (ठगी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खाते) उपलब्ध करा रहे थे। इन लोगों ने चांद इलेक्ट्रॉनिक के नाम से करंट अकाउंट खोलकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, उसमें ठगी की मोटी रकम आई। उसके आधार पर पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने बताया कि 21 फरवरी 2025 को द्वारका के कारोबारी ने 2.35 करोड़ रुपये ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फॉरेक्स ट्रेडिंग और स्टॉक मार्केट में निवेश का एक विज्ञापन देखा था। उन्होंने निवेश की इच्छा जाहिर की।
उनको निवेश पर अच्छा मुनाफा देने का झांसा दिया गया। बाद में उनको कई ग्रुप से जोड़ा गया। धीरे-धीरे पीड़ित ने करीब 2.35 करोड़ रुपये स्टॉक मार्केट में लगा दिए। इसके बाद पीड़ित ने मुनाफे के रुपये निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। बाद में आरोपियों ने पीड़ित को सभी ग्रुप से डिलीट कर दिया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। अपराध शाखा ने इंस्पेक्टर मनजीत कुमार व अन्यों की टीम का गठन किया। टीम ने उन खातों की पड़ताल की जिनमें ठगी की रकम गई थी। छानबीन में पता चला कि ठगी की रकम करीब 20 अलग-अलग खातों में गई थी। पड़ताल के बाद पुलिस ने सितारगंज, उधम सिंह नगर में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों ने बताया कि यह लोग आम लोगों को लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते हैं। बाद में उनके खातों का संचालन आरोपी साइबर ठगों को दे देते थे।