नई दिल्ली। प्रदूषण के खिलाफ जंग अभियान के तहत पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने ग्रीन वार रूम में बृहस्पतिवार को बैठक की। उन्होंने बताया कि ग्रीन दिल्ली एप से राजधानी के 21 विभागों को जोड़ा गया है। इन सभी विभागों में एक-एक नोडल अधिकारी और एक वरिष्ठ अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है। सभी नोडल और प्रभारी अधिकारियों को ग्रीन दिल्ली एप के जरिए प्राप्त शिकायतों के संबंध में वार रूम से सामंजस्य स्थापित करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि ग्रीन दिल्ली वार रूम में 12 कॉर्डिनेटर तैनात किए गए हैं, जो शिकायतों की जांच करेंगे और निर्धारित 48 घंटे में शिकायत निस्तारित कराना सुनिश्चित करेंगे। दो नवंबर को सभी विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जाएगी, ताकि प्राप्त शिकायतों का तय समय सीमा के अंदर निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि सख्त कार्रवाई किए बगैर प्रदूषण को नियंत्रित नहीं किया जा सकता है।
पहले दिन मिलीं 228 शिकायतें
विभिन्न इलाकों से ग्रीन दिल्ली एप के माध्यम से प्रदूषण फैलाने की शिकायत मिलनी शुरू हो गई हैं। पहले ही दिन इस पर 228 शिकायतें की गईं। इस एप से 21 विभाग जुड़े हुए हैं। इनमें एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, डीडीए, पीडब्ल्यूडी, डीएसआईडीसी, पर्यावरण विभाग मुख्य रूप से शामिल है। गोपाल राय ने बताया कि दीवाली पर पटाखों के प्रदूषण को लेकर सरकार 3 नवंबर से एंटी क्रेकर अभियान भी शुरू कर रही है।