नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की एसआईटी ने सीलमपुर हिंसा मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों के हाथों में पत्थर व डंडे नजर आ रहे थे। पुलिस ने दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एक आरोपी सीलमपुर इलाके का हिस्ट्रीशीटर है।
एसआईटी के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीलमपुर निवासी शहजाद (23) और गौतमपुरी निवासी नूर मोहम्मद (19) के रूप में हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दस अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। एसआईटी ने सीलमपुर हिंसा मामले में दो नाबालिग समेत सात आरोपियों को पिछले सप्ताह पकड़ा था। सीएए के विरोध में हुई हिंसा में दिल्ली पुलिस ने दस एफआईआर दर्ज की हैं। सभी एफआईआर की जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहजाद इलाके का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। नूर मोहम्मद के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। नूर मोहम्मद ने अपने मोबाइल से पथराव और तोड़फोड़ की वीडियो बनाई थीं। दिल्ली पुलिस को उसके मोबाइल से 10 वीडियो व 15 फोटो मिली हैं। पुलिस इन वीडियो व फोटो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। नूर मोहम्मद ने हिंसा के दौरान सेल्फी ली थी।