जामिया का चाइल्ड गाइडेंस सेंटर नहीं होगा बंद
- एल्युमिनाई बैठक में 29 देशों से पहुंचे पूर्व छात्र
- मानसिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए पांच लाख की दी मदद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया स्थित चाइल्ड गाइडेंस सेंटर अब बंद नहीं होगा। मानसिक रूप से कमजोर छात्रों के इस सेंटर के लिए पूर्व छात्रों ने पांच लाख रुपये की मदद दी है। पूर्व छात्र एसोसिएशन भारत के बाद अब अरब में पूर्व छात्रों का सम्मेलन करेगी। इस सम्मेलन में आईआईटी की तर्ज पर जामिया को विस्तार देने व आर्थिक मदद के माध्यम से छात्रों को आगे बढ़ने में सहयोग देने की योजना पर चर्चा होगी।
जामिया कैंपस में सोमवार को एल्युमिनाई एसोसिएशन ऑफ जामिया मिल्लिया इस्लामिया और ग्लोबल जामिया एल्युमिनाई नेटवर्क के बैनर तले दूसरी एल्युमिनाई बैठक आयोजित हुई। बैठक में अमेरिका, आस्ट्रेलिया, दुबई, बहरीन, कतर समेत 29 देशों से आए पूर्व छात्रों ने भाग लिया। पूर्व छात्रों में दिल्ली सरकार के मंत्री इमरान हुसैन, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री कमाल अख्तर, आरजे नावेद, स्वामी चेतेश्वरानंद आदि पूर्व छात्र भी शामिल रहे। कार्यक्रम में कार्यकारी कुलपति प्रो. शाहिद अशरफ मुख्य अतिथि और रजिस्ट्रार एपी सिद्दीकी(आईपीएस) विशिष्ठ अतिथि रहे। जामिया प्रबंधन ने विश्वविद्यालय से जुड़े विभागों की जानकारी दी। इस दौरान पूर्व छात्रों को जानकारी मिली कि कैंपस में एक निजी संस्था द्वारा चलाया जा रहा चाइल्ड गाइडेंस सेंटर आर्थिक तंगी के चलते बंद होने की कगार पर है। उसी समय पूर्व छात्रों ने पांच लाख रुपये चंदा एकत्रित करके दिया।