सौ वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं को मिलेगी ट्रांसपोर्ट की सुविधा
- अधिकारी दोबारा करेंगे उम्र की पड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सीईओ कार्यालय की ओर से वाहनों का इंतजाम किए जाने का प्रावधान किया जा रहा है। बुजुर्गों में देश की राजनीति और मतदान के प्रति रुझान को देखते हुए सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।
सौ साल से अधिक उम्र के मतदाताओं के पास उनकी जन्म तिथि को लेकर कोई दस्तावेज न होने की वजह से मतदाताओं के कहे अनुसार पहचान पत्र पर उम्र अंकित कर दी जाती है। लेकिन कुछ मामलों में उम्र को लेकर विसंगतियों की आशंका है, जिसे देखते हुए अधिकारियों को इस संबंध में जांच के निर्देश दिए गए हैं। बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रोत्साहन के लिए उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा, जिन अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए आने-जाने की उचित सुविधा न हो या सहयोग के लिए कोई परिजन न हो तो उन्हें मतदान के लिए खास सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
--------
अधिकारी करेंगे वास्तविक उम्र का पता
बुजुर्गों की सही उम्र का पता करने के लिए सीईओ कार्यालय ने संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों को उनकी सही उम्र की पुख्ता जानकारी हासिल करने को कहा है। दिल्ली में सौ वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 430 से अधिक है, लेकिन माना जा रहा है कि इस निर्देश के बाद सभी मतदाताओं के घर तक अधिकारी पहुंचकर उनकी वास्तविक उम्र कार्ड में अंकित करेंगे। इससे सौ से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या कम भी हो सकती है।
---------
बेघरों को भी मिलेगा मतदाता पहचान पत्र
नई दिल्ली। सभी वर्ग के मतदाताओं को मताधिकार के प्रयोग का मौका देने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने एक अनूठी पहल की है। इसके तहत बेघरों के भी मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए दो दिनों का विशेष अभियान शनिवार को शुरू होगा। इसके तहत दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वालों को फॉर्म-6 भरने का मौका दिया जाएगा, ताकि उन्हें भी मत देने का मौका मिल सके। सीईओ डॉ. रणबीर सिंह ने कहा कि सभी वर्ग के मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए यह पहल की जा रही है। कोई भी वर्ग न छूटे इसका खास तौर पर ध्यान रखा जा रहा है। रिहायश का प्रमाण पत्र न होने पर आसपास से सभी पुख्ता जानकारियां हासिल करने के बाद उन्हें मतदाता पहचान पत्र बनवाने का मौका मिल सकेगा। ब्यूरो