घायल को नहीं मिला इलाज, मौत
-परिजनों ने सफदरजंग अस्पताल पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
- अपोलो अस्पताल ने इलाज का खर्च बता मरीज को किया रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सफदरजंग और अपोलो अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद पुलिस ने आनन फानन में संजीव को अपोलो अस्पताल भेजा, लेकिन वहां 15 लाख रुपये का खर्च बताकर अस्पताल ने मरीज को सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां करीब 10 घंटे तक डॉक्टरों ने मरीज पर ध्यान ही नहीं दिया। इस कारण संजीव की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इसे लेकर सीएमओ से शिकायत भी की, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने फिलहाल इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
27 वर्षीय संजीव के भाई रविंद्र ने बताया कि 19 दिसंबर को घर लौटते वक्त संजीव सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसके पैर से ट्रक गुजरने के कारण रक्तस्राव भी काफी हो गया था। रविंद्र ने जब सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों से अपील की तो उन्होंने ड्रेसिंग करना भी जरूरी नहीं समझा। स्थिति यह रही कि दो दिन बाद सीएमओ से शिकायत के बाद डॉक्टरों ने ड्रेसिंग की। रविंद्र की मानें तो उसने डॉक्टरों से यहां तक कह दिया था कि मरीज की जान बचाने के लिए पैर भी काटना पड़े तो काट दीजिए। आरोप है कि इसके बाद भी ऑपरेशन नहीं हुआ। इसके कारण रविवार को वार्ड 27 के बिस्तर नंबर 30 पर भर्ती संजीव ने दम तोड़ दिया। रविंद्र का कहना है कि उन्होंने इस लापरवाही के खिलाफ प्रबंधन को शिकायत भी की है। सोमवार को संजीव का पोस्टर्माटम किया जाएगा।