डीयू दाखिला प्रक्रिया:2019-20
कोटे की खाली रहने वाली सीटों को भरने की कवायद
-सामान्य की कट ऑफ में आने पर मिल सकेगी सीट
-दाखिला लेने पर भी कोटे के छात्रों को सभी लाभ मिलते रहेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2019-20 के अंतर्गत कोटे की खाली रहने वाली सीटों को भरने की तैयारी की जा रही है। नए सत्र के दाखिले में कोटे के छात्र सामान्य की कट ऑफ में आने पर उस सीट पर दाखिला पा सकेंगे। हालांकि यह छात्र पर निर्भर करेगा कि उसे सामान्य की सीट पर दाखिला लेना है या नहीं। दाखिला लेने पर भी उसे कोटे के सभी लाभ मिलते रहेंगे। दरअसल हर साल एससी-एसटी व ओबीसी की काफी सीटें खाली रह जाती हैं। इन्हें भरने के लिए कट ऑफ कम करके काफी कट ऑफ निकाली जाती हैं।
डीयू स्टैडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. रसाल सिंह के मुताबिक एससी-एसटी-ओबीसी की सीटों पर कई बार छात्र दाखिला नहीं लेते हैं। इस कारण से अक्सर कॉलेजों में सीटें खाली रह जाती हैं। ऐसे में इस बार तैयारी की जा रही है कि कोटे के छात्रों को सामान्य की सीटों पर दाखिला मिल सके। इससे कोटे के छात्रों के लिए कोटे की कट ऑफ कम होती चली जाएगी। इस कारण से कोटे के ऐसे छात्रों को भी दाखिला मिल सकेगा, जिनके अंक कम होते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा तंत्र विकसित किया जा रहा है कि यदि एससी-एसटी ओबीसी के छात्र सामान्य श्रेणी की कट ऑफ में आएंगे तो वह स्वत: सामान्य श्रेणी की सीट पर शिफ्ट हो जाएंगे, लेकिन यह कोटे के छात्र पर निर्भर करेगा कि वह सामान्य श्रेणी की सीट पर दाखिला लें या नहीं। दरअसल शुरुआत में कोटे की श्रेणियों के लिए काफी उच्च कट ऑफ जाती है। इस कारण से कोटे के छात्र दाखिला नहीं ले पाते और सीटें खाली रह जाती हैं। सीटें शिफ्ट हो नहीं पाती इसलिए कोटे का छात्र सामान्य की कट ऑफ में आने पर उस सीट पर शिफ्ट हो जाएगा।