दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने बुधवार को उप-राज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में कई प्रस्तावों को मंजूरी देकर दिल्लीवासियों की नव वर्ष की सौगात दी है। इसमें 2021 हाउसिंग स्कीम को मंजूरी देने के साथ अनाधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण के विकास के प्रावधानों में छूट की मंजूरी दी गई है।
डीडीए द्वारा हाउसिंग स्कीम- 2021 की मंजूरी में 1210 फ्लैटों को अगले माह जनवरी में ऑनलाइन लांच किया जाएगा। इस पूरी योजना को ऑनलाइन रखा जाएगा। योजना के तहत द्वारका सेक्टर 19बी में 352 टू बीएचके एमआईजी, द्वारका सेक्टर 16बी में 348 2बीएचके एमआइजी, जसोला में 3 बीएचके एचआईजी 215 फ्लैट, मंगलापुरी में 276 ईडब्ल्यूएस और वसंत कुंज में 13 3बीएचके एचआईजी, 4 2बीएचके एमआइजी, दो- टू बीएचके एचआईजी फ्लैटों को शामिल किया गया है। इनके लिए डीडीए के आवास सॉफ्टवेयर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, दूसरी ओर बोर्ड की बैठक में दिल्ली की करीब 1700 अनाधिकृत कॉलोनियों को राहत प्रदान करते हुए विकास के प्रावधानों में छूट के प्रस्ताव को भी पास किया गया है जिससे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं, कॉलोनी के पॉकेट को भी नियमित किए जाने को मंजूरी दी गई है। इसके लिए लोगों को अपने क्षेत्र का लेआउट प्लान बनाकर डीडीए से पास कराना होगा। वहीं, डीडीए द्वारा ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) के नियमितीकरण में बदलाव के प्रावधान को भी मंजूरी मिल गई है।
अब मनपसंद लोकेशन के लिए नहीं देना होगा शुल्क
डीडीए ने बोर्ड की बैठक में मनपसंद लोकेशन के लिए लिए जाने वाले शुल्क के प्रस्ताव को भी वापस ले लिया है। दरअल, बोर्ड की पिछली बैठक में इस प्रस्ताव को लाया गया था जिसके तहत पसंदीदा लोकेशन यानी पार्क साइड फेस, रोड साइड और कॉर्नर वाला फ्लैट लेने के लिए अधिक शुल्क देने का प्रावधान किया गया था। हालांकि, बोर्ड के सदस्यों द्वारा इस पर आपत्ति जताई गई थी। इसको देखते हुए एक सब कमेटी का भी गठन किया गया था जिसके सदस्यों ने यह शुल्क नहीं लेने का प्रस्ताव दिया था, जिसे डीडीए बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है।