25 ऑटोमैटिक पिस्टल के साथ एक गिरफ्तार
मेवात के रहने वाले तस्करों के जरिये मध्य प्रदेश के खरगौन से लाकर दिल्ली-एनसीआर में करता था सप्लाई
- दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने क्रॉस रिवर मॉल से दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। चुनाव से पूर्व दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 25 ऑटोमैटिक पिस्टल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गांव चौकी बांगर, छत्ता, कौसी-मथुरा निवासी केहरी (25) मेवात के रहने वाले तस्करों के जरिये मध्य प्रदेश के खरगौन से ये पिस्टल लेकर आया था। वह दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदमाशों को ये हथियार सप्लाई करने आया था।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि उनकी टीम ने कुछ ही दिनों में भारी मात्रा में हथियार बरामद कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। ज्यादातर हथियार मध्य प्रदेश, बिहार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आ रहे थे। छानबीन में पता चला कि कुछ आरोपी मेवात क्षेत्र के गांव नंगला-उठावर, मथुरा के रहने वाले हैं। पुलिस को जानकारी मिली कि मथुरा के कोसी निवासी केहरी दिल्ली-एनसीआर में लगातार हथियार सप्लाई कर रहा है। बृहस्पतिवार को पुलिस को केहरी के हथियारों की खेप लेकर क्रॉस रिवर मॉल आने की सूचना मिली। एसीपी ललित मोहन नेगी, ह्रदय भूषण, इंस्पेक्टर संजय गुप्ता, राजेश कुमार की टीम ने मॉल की पार्किंग से केहरी को दबोच लिया। उसके पास मिले बैग से 25 पिस्टल बरामद हुईं। पूछताछ में केहरी ने बताया कि वह दिल्ली में अपने एक संपर्क को हथियार देने आया था। पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद कुछ लोगों का पता लगाया है। उनकी तलाश चल रही है।