चीख सुनकर पहुंचे लोगों ने आरोपी को पकड़ा, हत्या की फिराक में था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत नगर के पार्क में सुनसान जगह पर 10 साल की बच्ची को अकेला पाकर एक व्यक्ति ने उससे दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या करने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची परिजनों के साथ भारत नगर में रहती है। वह इलाके में स्थित निजी स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा है। मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने पर वह घर पहुंची और कुछ दूर मामा के घर जाने के लिए निकली। थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बच्ची ने बताया कि मामा के घर जाने के लिए वह इस्माइल खां पार्क से गुजर रही थी, तभी नशे में धुत आरोपी ने उसे पकड़कर सुनसान जगह पर खींच लिया और वहां दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने पर पार्क में घूम रहे लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। बच्ची का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सात साल पहले भी एक बच्ची से किया था दुष्कर्म, कुछ माह पहले जेल से निकला
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी ने सात साल पहले स्वरूप नगर में भी एक बच्ची से दुष्कर्म किया था। इस मामले में उसे सात साल की सजा हुई थी। कुछ माह पहले ही वह जेल से निकला था। जेल से निकलने के बाद चंद्रावल में रहने वाले आरोपी के परिजनों ने उसे अपने साथ रहने से मना कर दिया था। उसके बाद से वह आवारागर्दों की तरह विभिन्न इलाके में रह रहा था।