दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-हीरे के जेवरात और नकदी की चोरी की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी संवारा गुर्जर उर्फ सुनील (28) को गिरफ्तार किया है।
दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-हीरे के जेवरात और नकदी की चोरी की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी संवारा गुर्जर उर्फ सुनील (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से माली है। आरोप है कि उसने दिन में इलाके की रेकी करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 20 मई को ग्रेटर कैलाश क्षेत्र से चोरी की ऑनलाइन शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता परिवार ने बताया कि वे एक दिन के लिए घर बंद कर बाहर गए थे। वापस लौटने पर घर के ताले टूटे मिले। अंदर रखे करीब एक करोड़ रुपये के सोने-हीरे के जेवरात तथा लगभग साढ़े छह लाख रुपये नकद गायब मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के लिए स्पेशल स्टाफ और स्थानीय पुलिस की दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र में लगे लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की।
विज्ञापन
जेवरात व 3.57 लाख नकद बरामद
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 22 मई को मदनपुर खादर इलाके में दबिश मार कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और करीब 3.57 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। मामले की जांच अभी जारी है।