जूनियर और सीनियर वर्ग में देशभर के बॉडी बिल्डर दिखाएंगे दमखम, विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
नई दिल्ली। बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देने के लिए इंडिया फिटनेस बॉडी बिल्डिंग स्पोर्ट फेडरेशन की ओर से तीन दिसंबर को जोया इंडिया प्रो क्लासिक चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को सात हजार रुपये, दूसरे पर रहने वाले को पांच हजार, तीसरे पर तीन हजार, चौथे पर दो हजार और पांचवें पर रहने वाले खिलाड़ी को एक हजार दिए जाएंगे। वहीं, जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान के लिए तीन हजार, दूसरे के लिए दो और तीसरे स्थान के लिए एक हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। जूनियर वर्ग में चौथे और पांचवें स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को दो-दो हजार रुपये के सप्लीमेंट दिए जाएंगे।
इंडिया फिटनेस बॉडी बिल्डिंग स्पोर्ट फेडरेशन के सचिव रहीश अहमद ने बताया कि जूनियर वर्ग में एक कैटेगरी के लिए तीन हजार, दो कैटेगरी के लिए 4500 और तीन कैटेगरी के लिए छह हजार रुपये शुल्क देना होगा। सीनियर वर्ग में एक कैटेगरी का शुल्क चार हजार, दो का 6500 और तीन कैटेगरी का 8500 रुपये है। दो दिसंबर तक निर्धारित शुल्क पर पंजीकरण कराया जा सकेगा। संवाद