सितंबर में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के अंतर्गत अंडर-14, 17 और 19 की खेल प्रतियोगिताओं के लिए दिल्ली के सभी 30 शिक्षा जोन में जोनल स्तर की प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए हर जोन से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
जोनल प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, हैंडबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, तैराकी, शतरंज, योगासन, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, कुश्ती, भारोत्तोलन समेत कई खेलों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
जोनल प्रतियोगिताओं के समापन के बाद चयनित खिलाड़ी सितंबर में आयोजित होने वाली दिल्ली राज्य स्तरीय एसजीएफआई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
-
दिल्ली के सभी 30 जोन में एसजीएफआई के तहत खेल प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी हैं। हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को मंच देना है। सितंबर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जहां जोनल स्तर पर चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
-
राकेश कुमार, बैडमिंटन इंचार्ज एवं मुख्य कोच, स्पोर्ट्स ब्रांच, शिक्षा निदेशालय