घर के सामने शराब पीकर हुड़दंग कर रहे युवकों ने विरोध करने पर विवेक (30) की गोली मारकर हत्या कर दी। वह जिला पंचायत सदस्य रीना देवी का भतीजा था। गोली लगने से उसका दोस्त वीरू भी जख्मी हो गया।
यह वारदात मिसलगढ़ी में रविवार शाम करीब पांच बजे हुई। वीरू इलाहाबाद के फूलपुर में तैनात दरोगा गोपीराम भारती का बेटा है। मसूरी थाने में तीन भाइयों और जिम मालिक समेत समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मिसलगढ़ी में साईं मंदिर के पास जिम है, जिसकेबाहर कुछ युवक शराब पीकर हुड़दंग मचाते हैं। जिम के पास ही विवेक का घर है।
शनिवार को भी विवेक और वीरू ने उनका विरोध किया था। तब तो मामला शांत हो गया। मगर रविवार शाम बात बढ़ गई और आरोपियों ने विरोध करने पर 8-9 राउंड फायर कर दिए।
कनपटी पर गोली लगने से विवेक की मौके ही मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त वीरू की जांघ में गोली लगी। उसे संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे खलबली मच गई। हमलवार भाग गए।
एसओ ने बताया कि विवेक खेतीबाड़ी करता था। रिपोर्ट विवेक के भाई गौरव ने दर्ज कराई है, जिसमें उसने मिसलगढ़ी के ही रहने वाले तीन भाइयों निंदे, अमित, विकल, जिम मालिक सूबे और एक अन्य सोनू यादव को नामजद किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।