-शेरपुर चौक के पास खून से लथपथ मिला युवक, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
-मृतक का रहा है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, नशा करने के दौरान झगड़े में हत्या की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तर-पूर्वी जिले के दयालपुर इलाके में बृहस्पतिवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। पहचान करावल नगर निवासी आकाश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे दयालपुर थाना पुलिस को खबर मिली कि शेरपुर चौक के पास एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया है कि आकाश की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक आकाश पर पहले से भी चोरी और झपटमारी जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज थे।