-पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी 11 ब्लॉक में बुधवार देर रात हुई वारदात, युवक की हत्या के बाद भीड़ ने किया हंगामा
किन्नर साथ आए उनके चालक को भीड़ ने पीटा, उस पर ही चाकू मारने के हैं आरोप
-गुस्साई भीड़ ने पुलिस के कई वाहन तोड़े, हमले में मृतक के ससुर और चचेरे ससुर भी चाकू लगने से जख्मी
-पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मामले में एक किन्नर समेत दो आरोपियों को दबोचा
-बाकी आरोपियों की कर रही पुलिस तलाश, सीसीटीवी कैमरों से हो रही पड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। कल्याणपुरी इलाके में बुधवार देर रात बेटे का जन्म होने पर चल रही पार्टी के दौरान नेग लेने पहुंचे किन्नरों व उनके साथ आए युवक ने मासूम के पिता के सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त जय सिंह (22) के रूप में हुई है। हमले के दौरान जय सिंह के ससुर बिटूटू सिंह (45) और चचेरे ससुर गुड्डू सिंह (41) भी चाकू लगने से जख्मी हो गए। दरअसल पैसे मांग रहे किन्नरों से पीड़ित परिवार की हाथापाई हो गई। इसी बात पर किन्नरों के साथ आए उनके चालक सोनू ने चाकू निकालकर अचानक जय सिंह पर हमला कर दिया। बीच-बचाव कराने आए बिट्टू सिंह और गुड्डू सिंह भी जख्मी हो गए। हत्या के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। भीड़ ने आरोपी सोनू को पकड़कर उसकी जमकर खबर ली। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सोनू को छुड़ाने का प्रयास किया तो गुस्साई भीड़ ने हमला कर पुलिस की कई बाइक व एक गाड़ी तोड़ दी। हालात को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल बुलानी पड़ी। फिलहाल एरिया में तनाव का माहौल है।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई। भीड़ की पिटाई से घायल सोनू का पुलिस हिरासत में जीटीबी अस्पताल में इलाज जारी है। कल्याणपुरी थाना पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर एक किन्नर व सोनू को हिरासत में लिया है। बाकी की तलाश जारी है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि जय सिंह अपने परिवार के साथ 11 ब्लॉक में रहता था। इसके परिवार में मां गीता कौर, दो बहनें, एक छोटा भाई अजय सिंह (17) और पत्नी गुरप्रीत कौर व अन्य सदस्य हैं। जय सिंह गुरुग्राम में सरिया बांधने का काम करता था। घर से चंद कदमों की दूरी पर जय सिंह की ससुराल है। 13 दिन पहले जय सिंह और गुरप्रीत कौर के यहां एक बेटे का जन्म हुआ था। बुधवार रात को जय सिंह के ससुर बिट्टू सिंह ने अपने घर पर एक पार्टी रखी थी। देर रात को पार्टी का जश्न चल रहा था। जय सिंह अपने रिश्तेदारों व ससुर के साथ गली में मौजूद था। आरोप है कि इस बीच चार-पांच किन्नर वहां बेटे के जन्म पर नेग लेने पहुंचे थे।