फरीदाबाद जिल की जवाहर कॉलोनी में थार सवार युवकों ने नेक्सन कार सवारों पर डंडों और पत्थरों से हमला किया, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। सीसीटीवी फुटेज में हमले की पूरी घटना कैद हो गई है। वहीं, मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
जवाहर कॉलोनी में सारन स्कूल मार्ग पर एक नेक्सन कार के बिजली के खंभे से टकराने से पहले कार सवार युवकों पर डंडों और पत्थरों से हमला हुआ था। यह हमला थार कार में सवार कुछ युवकों और उनके साथियों ने किया था। सोमवार को इस मारपीट और हमले की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है।
विज्ञापन
मामले के अनुसार, नेक्सन कार सवार युवकों का जवाहर कॉलोनी में तीन-चार अन्य युवकों के साथ विवाद हो रहा था। इसी दौरान थार कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। थार सवार युवकों और उनके साथियों ने नेक्सन कार सवार युवकों के साथ कहासुनी के बाद उन पर डंडों और पत्थरों से हमला किया। हमलावरों ने कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एक युवक को बुरी तरह पीटा गया। हमले से बचने के लिए भागते समय नेक्सन कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें हमलावर एक युवक को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उसका साथी क्षतिग्रस्त नेक्सन कार लेकर वहां से भाग गया। फुटेज में पीटा गया युवक भी हमलावरों से जान बचाने के लिए भागता हुआ नजर आ रहा है। इस मामले में अभी तक सारन थाने में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।