अज्ञात वाहन चालक खिलाफ सदर थाने में एफआईआर, पुलिस कर रही मामले की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सोहना रोड स्थित आईएलडी ट्रेड सेंटर के सामने 25 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे सड़क पार कर रहे युवक को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के दादा श्रीपति पाठक की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक की पहचान दिल्ली के मिथिला विहार निवासी अमित (28) के रूप में हुई है। श्रीपति पाठक ने पुलिस को बताया कि उनका पोता 25 अगस्त को गुरुग्राम आया था। सड़क पार करते वक्त तेज रफतार वाहन ने टक्कर मार दी। आईएलडी ट्रेड सेंटर के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं थीं। शुरुआत में हालत सामान्य थी, लेकिन शाम करीब 4 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने से उसे दोबारा निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 26 अगस्त को मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान की जा रही है।