-जीवन पार्क में 25 वर्षीय विशाल को घेरकर चाकू से गोदा, चार नाबालिग पकड़े गए
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
सिरसपुर के जीवन पार्क में 25 वर्षीय विशाल की चाकू से गोदकर हत्या के मामले को पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल चार नाबालिगों को पकड़ा है। चारों की उम्र 17 वर्ष है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए दो चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में हत्या की वजह कुछ महीने पहले जन्मदिन की पार्टी में हुई बेइज्जती का बदला लेना सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात जीवन पार्क की गली नंबर-16 स्थित संडे बाजार चौक के पास विशाल पर चार से पांच हमलावरों ने हमला किया। आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। विशाल के सीने, पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू के गहरे घाव मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर हालत में बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बाहरी उत्तरी पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि हत्या के बाद पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती थी। टीम ने घटनास्थल और आसपास की संकरी गलियों में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में वारदात के बाद चार संदिग्ध भागते हुए नजर आए। पुलिस ने अलग-अलग कैमरों की फुटेज जोड़कर उनके भागने का रास्ता खंगाला। इसके साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच की गई। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने सिरसपुर इलाके से चारों नाबालिगों को पकड़ लिया।
पार्टी के विवाद के बाद रची हत्या की साजिश : पूछताछ में सामने आया कि कुछ महीने पहले जन्मदिन की पार्टी में विशाल और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, पार्टी में विशाल ने आरोपियों में से एक के साथ मारपीट की थी। इसके बाद आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। पुलिस का दावा है कि बेइज्जती का बदला लेने के लिए आरोपियों ने विशाल की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। शुक्रवार रात काम से लौटते समय उसे घेरकर चाकू से हमला कर दिया गया।