नौकरी से निकाले जाने पर दो युवकों ने कंपनी की महिला एचआर हेड के साथ बदसलूकी और छेड़खानी की। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-126 ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित महिला ने बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने कंपनी में कार्यरत आर्यन त्यागी और मोनित गोस्वामी को नौकरी से निकाल दिया था। आरोप है कि उसी दिन रात साढ़े आठ बजे कंपनी से ग्रेटर नोएडा स्थित घर जाते वक्त कोटक महिंद्रा बैंक तिराहे पर आर्यन और मोनित ने उनसे बदसलूकी और छेड़खानी शुरू कर दी।
आसपास मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपी वहां से गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।