जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक युवक ने मेट्रो ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरूआती जांच में पता चला कि युवक तनाव में था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। मृतक की शिनाख्त मूलत: गोपालगंज बिहार निवासी जितेंद्र पांडेय (23) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन पर एक युवक ने समयपुर बादली की ओर जाने वाली ट्रेन के सामने छलांग लगा दी है।
जब तक पुलिस मौके पर पहुंची मेट्रो कर्मी और सीआईएसएफ ने घायल युवक को निकालकर सुश्रुत ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जांच में पता चला कि जितेंद्र पांडेय दोस्तों के साथ न्यू अशोक नगर इलाके में रहता था। वह नोएडा में फायर सेफ्टी का कोर्स कर रहा था। मूलत: बिहार के रहने वाले जितेंद्र का छोटा भाई मुखर्जी नगर इलाके में रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा है।
उसकी एक बहन दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने उसके परिवार वालों से संपर्क किया। पता चला कि परिवार के सभी सदस्य फिलहाल गोपालगंज गए हुए हैं।
परिवार वालों ने बताया कि जितेंद्र किसी वजह से परेशान रहता था और तनाव में था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार वालों के आने के बाद ही खुदकुशी के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।