नई दिल्ली। सरिता विहार में बुधवार दोपहर आली ड्रेन के पास एक युवक करीब 15 फीट गहरे नाले में गिर गया। नाले के किनारे लगी जाली का एक हिस्सा टूटा हुआ है। गनीमत रही कि युवक पानी में गिरने के बजाय कचरे के ढेर पर जा गिरा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने सड़क किनारे लटक रहे बिजली की तार से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सरिता विहार में पिछले 20 दिनों में नाले में गिरने की यह तीसरी घटना है। सात अगस्त को प्रियंका कैंप के पास 18 वर्षीय अंकित की नाले में गिरने से मौत हो गई थी। वहीं 22 अगस्त को 15 वर्षीय मिथुन जसोला नाले में गिर गया था। चार दिन बाद उसका शव बरामद हुआ था। लगातार घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने नालों के किनारे टूटे जाल और खुले हिस्सों को जल्द ठीक कराने की मांग की है। ब्यूरो