अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पांडव नगर में टेंपो ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद शिव प्रकाश चौहान (40) और इनके दोस्त कपिल सिंह सेंगर को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां शिव प्रकाश को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद आरोपी टेंपो समेत फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। हादसा रविवार रात को अक्षरधाम मंदिर फ्लाईओवर के पास हुआ। मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले दोनों दोस्त नोएडा से गीता काॅलोनी की ओर जा रहे थे। कपिल सिंह सेंगर ग्वालियर में पशु चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। वह आंखों का इलाज कराने के लिए अपने दोस्त शिव प्रकाश के साथ दिल्ली आए थे। नोएडा से किसी जानकार की बाइक लेकर वह गीता काॅलोनी की ओर जा रहे थे। इस बीच हादसे का शिकार हो गए। हादसे में कपिल सिंह सेंगर बुरी तरह जख्मी हैं।