किशनगढ़ थाना इलाके में हुआ हादसा
नई दिल्ली । दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के किशनगढ़ थाना इलाके में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मुनिरका 21 वर्षीय युवक अंकित की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हेलमेट नहीं लगाने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चार मार्च की रात करीब 10:38 बजे पीसीआर कॉल से मुनिरका स्थित डीडीए फ्लैट के पास एक बाइक सवार के डिवाइडर से टकराने की सूचना मिली। वहां पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को इलाज के लिए किसी अस्पताल ले जाया गया है। मौके पर एक दुर्घटनाग्रस्त बाइक मिली। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि एम्स ट्रॉमा सेंटर में युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहा था। अस्पताल में मृतक की मां का बयान लेने की कोशिश की गई, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं थीं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ब्यूरो