पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में बुधवार शाम एक युवक ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की शिनाख्त पंकज (22) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव के पास से पुलिस को एक तमंचा पड़ा मिला है। पुलिस ने तमंचा कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
छानबीन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पंकज ने ऐसा कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने उसका मोबाइल अपने कब्जे में लिया है। सीडीआर के अलावा उसके दफ्तर के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक पंकज अपने परिवार के साथ मंडावली मेन रोड मकान नंबर-126 में रहता था। इसके परिवार में पिता गजराज, एक बड़ी बहन व अन्य सदस्य हैं। पंकज दिल्ली सरकार सिविल लाइंस स्थित एक सरकारी विभाग में एमटीएस की नौकरी करता था। इसके पिता माली का काम करते हैं।
बुधवार शाम को पंकज अपने दफ्तर से जल्दी घर आ गया। पहुंचकर वह सीधे अपने कमरे में चला गया। उसने बहन से कमरा खाली करने के लिए कहा। पूछने पर उसने बताया कि उसे मोबाइल पर वीडियो गेम खेलना है। बहन कमरा खाली कर चली गई। कुछ देर बाद परिजनों ने पंकज के कमरे में तेज आवाज सुनी।
परिजन भागकर उसके कमरे में पहुंचे तो पंकज खून से लतपथ पड़ा था। उसके माथे पर गोली लगी थी, शव के पास ही एक तमंचा पड़ा था। परिजन फौरन पंकज को नजदीकी पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पंकज के पास से तमंचा कहां से आया। उसने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया। पुलिस परिजनों, ऑफिसकर्मियों के अलावा उसके मोबाइल से जांच कर आत्महत्या की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।