नोटबंदी से परेशान एक युवक ने खुदकुशी कर ली। गोकलपुरी इलाके के मुस्तफाबाद में चार दिन से रुपये जमा कराने बैंक जा रहे युवक का जब लाइन में नंबर नहीं आया तो उसने हताश होकर फांसी लगा ली। युवक की शिनाख्त मोहम्मद शकील (35) के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिजनों की मानें तो लोन की किस्त जमा कराने के लिए शकील को अपने खाते में रुपये डलवाने थे। हालांकि पुलिस परिवार के आरोपों पर संदेह जता रही है। शुक्रवार को गोकलपुरी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक शकील परिवार के साथ गली नंबर-6, मुस्तफाबाद में रहता था। इसके परिवार में पत्नी आसिया और तीन बेटे और एक बेटी है। शकील कबाड़ी का काम करता था। शकील का तिरपाल फैक्टरी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता था। उसने बैंक से कुछ लोन लिया था। उसकी किस्त जमा कराने के लिए उसे बैंक में रुपये जमा कराने थे।