नोएडा फेज थ्री क्षेत्र में एक युवक ने अपनी मंगेतर को एक होटल में उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया। इस दौरान होटल में करीब एक घंटे तक खूब हंगामा हुआ। युवक ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस प्रेमी युगल को थाने ले गई और बालिग होने पर दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया।
गाजियाबाद निवासी युवती नोएडा में एक मोबाइल कंपनी में काम करती थी। वहीं पर एक युवक के साथ उसका प्रेम प्रसंग हो गया। इस बीच युवती के परिजनों ने उसकी सगाई गाजियाबाद में पड़ोस के मोहल्ले में रहने वाले एक युवक से कर दी। कुछ दिन बाद युवक को पता चला कि उसकी मंगेतर का एक युवक से मिलना-जुलना है।
शनिवार रात युवक अपनी मंगेतर के घर के पास छिप गया। रविवार सुबह जब युवती अपने प्रेमी से मिलने के लिए निकली तो युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान युवक की मंगेतर अपने प्रेमी संग नोएडा के एक होटल में पहुंची। इस दौरान युवक ने होटल में जाकर कमरे का दरवाजा खटखटा दिया। होटल में युवक को देख दोनों में नोकझोंक शुरू हो गई।
थाना प्रभारी अवनीश दीक्षित का कहना है कि युवक-युवती की सगाई हुई थी। युवती का कहना है कि उसकी सगाई टूट चुकी है और युवक से उसका कोई लेना-देना नहीं है।