पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार रात एक शख्स ने अपनी बालकनी पर खड़े होकर खुलआम पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।
घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी गुरजिंदर सिंह को हिरासत में लिया। बाद में पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। गुरजिंदर मानसिक रूप से बीमार है। उसका अस्पताल में इलाज भी चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार देर रात तिलक नगर इलाके की है। देर रात गुरजिंदर सिंह घर की बालकनी पर खड़े होकर जोर-जोर से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगा। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
लोगों को देखकर आरोपी और जोर से नारेबाजी करने लगा। मना करने के बाद बावजूद भी आरोपी लगातार नारे लगाता रहा। कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। बुरी तरह पिटाई लगाने के दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कुछ लोगों ने पिटाई और नारेबाजी की वीडियो भी बना ली। बाद में वह वायरल हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके परिजनों से भी पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी मानसिक बीमार है। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे घर पर वापस छोड़ दिया गया।