शाहदरा जिला के पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि शुक्रवार दोपहर एक बजे फर्श बाजार थाना पुलिस को एक युवती के होटल संतोष रेजीडेंसी से छलांग लगाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि युवती को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छानबीन में पता चला कि घायल युवती सुंदर नगरी की रहने वाली है। उसने बुलंदशहर निवासी 22 साल के युवक के साथ होटल में चेक इन किया था। कमरे में दोनों के बीच विवाद होने पर युवती ने उसे कमरे से बाहर निकालकर कुंडी लगा लिया और गुस्से में खिड़की से नीचे छलांग लगा दी।
वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले में एक अन्य युवक से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि मामला लव ट्रायंगल या अलग-अलग समय पर दो लोगों को डेटिंग करने का है। एक कॉमन फ्रेंड के माध्यम से इसी बात का खुलासा हो गया। तीनों लोगों के बीच विवाद बढ़ा और युवती ने तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी।
पुलिस उपायुक्त का कहना है कि युवती ने यह कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। इलाज होने के बाद उसके बयान पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों की युवती की जान बचाने के लिए किए गए पहल की तारीफ की।