- भजनपुरा में वारदात, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पीड़िता 3 माह पूर्व आरोपी के साथ रहती थी सहमति संबंध में
अनबन होने के बाद प्रेमी को छोड़कर अलग रहना शुरू कर दिया था
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। भजनपुरा इलाके में मंगलवार सुबह ड्यूटी जा रही 24 साल की एक युवती पर तेजाब डालने का मामला सामने आया है। हमले के बाद युवती दर्द से छटपटाने लगी।
हमले में युवती का चेहरा और शरीर के बाकी हिस्से झुलस गए। किसी तरह वह अपने कमरे में पहुंची। उसके बाद मकान मालिक के बेटे ने पुलिस को खबर दी। युवती को पहले जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
छानबीन में पुलिस को पता चला है कि युवती पिछले करीब 3 सालों से अपने दोस्त के साथ सहमति संबंध में रह रही थी। 3 माह पूर्व दोनों के बीच अनबन होने पर उसने अलग रहना शुरू कर दिया। पूर्व प्रेमी ने युवती को मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी तो आरोपी ने तेजाब डाल दिया।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मूल रूप से यूपी की रहने वाली 24 साल की युवती गांधी नगर की एक कंपनी में नौकरी करती है। मंगलवार सुबह जैसे ही वह घर से निकली, कुछ दूर जाने पर आरोपी ने चेहरे पर तेजाब डाल दिया। वह भागकर एक राहगीर बुजुर्ग के पास पहुंची जहां कुछ तेजाब उसके शरीर से टपक रहा था जिसे बुजुर्ग का हाथ भी झुलस गया। उसी हालत में युवती अपने घर पहुंची।