आईटीओ स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट के बाथरूम में बृहस्पतिवार शाम एक युवती ने हाथ की नस काट ली। लोगों ने खून से लथपथ युवती को देखा तो पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद युवती को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात तक युवती की पहचान नहीं हो सकी थी। आईपी एस्टेट थाना पुलिस मामला दर्ज कर युवती की पहचान के प्रयास में जुटी थी।
पुलिस के मुताबिक शाम करीब 7.15 बजे सूचना मिली थी कि आईटीओ स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट के बाथरूम में करीब 20 वर्षीय युवती खून से लथपथ पड़ी है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पूर्व ही उसे अस्पताल ले जाया जा चुका था।
जांच में पता चला कि युवती ने हाथ की नस काटी है। पुलिस के अनुसार युवती रात तक बयान देने की हालत में नहीं थी। वह किसके साथ रेस्टोरेंट आई, उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह जानने का प्रयास किया जा रहा है। रेस्टोरेंट व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से छानबीन की जा रही है।