-उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में हुई वारदात, महिला मित्र को महंगे क्लब और होटल में जाने का शौक
-डिमांड पूरी करने के लिए आरोपी ने अपने ही घर में की चोरी, पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के कुछ जेवरात बरामद किए
-जेवरात से मिले रुपयों को आरोपी ने खर्च किया, पिता ने बड़े बेटे की शादी के लिए रखे थे घर में जेवरात
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली।
महिला मित्र को क्लब, डिस्को और महंगे होटल में घुमाने के लिए एक युवक ने अपने ही घर में चोरी कर ली। आरोपी ने घर से कुछ कैश और लाखों रुपये के जेवरात चुराए। गहने उसने लोकल मार्केट में बेचने का प्रयास किया तो किसी ने उन्हें नहीं खरीदा। इसके बाद आरोपी ने गहने महिला मित्र की मां को ही सस्ते में बेच दिए। पुलिस की जांच में जब वारदात से पर्दा उठा तो पुलिस ने आरोपी व गर्लफ्रेंड की मां को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खुबैब उर्फ कैफ (21) और महिला मित्र की मां शाइस्ता (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुछ जेवरात बरामद भी कर लिए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि 29 अगस्त को हाफिज नजमुल हसन (53) ने चोरी की एक शिकायत पुलिस से की थी। नजमुल ने बताया कि वह परिवार के साथ श्रीराम कालोनी, खजूरी खास में रहते हैं। उन्होंने अपने बड़े बेटे सलमान की शादी के लिए कुछ जेवरात घर में रखे हुए थे। किसी ने 15 हजार रुपये कैश व जेवरात चोरी कर लिए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की। शक के आधार पर छोटे बेटे से पूछताछ हुई तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी एक महिला मित्र है। दोनों को डिस्को, क्लब और महंगे होटल में जाने का शौक है। उसने भाई से कुछ पैसे मांगे थे। भाई ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने घर में ही चोरी की। पहले दिन 15 हजार रुपये और दूसरे दिन घर में रखे जेवरात आरोपी खुबैब ने चोरी कर लिया। आरोपी जेवरात लेकर लोकल सुनारों के पास पहुंचा और उन्होंने शक के आधार पर जेवरात खरीदने से मना कर दिया। पीड़िता ने अपने खुद के कुछ जेवरात बेचकर खुबैब को 65 हजार रुपये दिए और आरोपी के जेवरात अपने पास रख लिए। भेद खुलने पर पुलिस ने शाइस्ता को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से कुछ जेवरात भी बरामद कर लिए गए। बाकी जेवरात बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।