पुलिस के मुताबिक, वारदात निहाल विहार इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि संदीप दुकान पर छोले लेने गया था। ज्यादा छोले मांगने को लेकर उसकी दुकानदार से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार और उसके साथ मौजूद चार-पांच लोगों ने संदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया। हमले में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, संदीप के परिजन पुलिस की कार्रवाई से नाराज हैं। बुधवार को संदीप के शव के पोस्टमार्टम के लिए परिजन संजय गांधी अस्पताल पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि वारदात में कई लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने अभी केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस पर उन्हें बचाने का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।