दिल्ली के एक युवक ने पत्नी से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने तीन वीडियो बनाए। दो वीडियो में उसने लव मैरिज से बेवफाई तक की कहानी सुनाई।
देश की राजधानी दिल्ली में सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी की बेवफाई से परेशान युवक ने लाइव वीडियो बनाकर खुदकुशी कर ली। मामला दिल्ली के निहाल विहार इलाके का है। मृतक विकास (31) का शव बुधवार सुबह दूसरी मंजिल स्थित उसके कमरे में पंखे से लटका मिला था।
विज्ञापन
आत्महत्या से पहले विकास ने तीन वीडियो बनाए थे। पुलिस को विकास के मोबाइल में 2 मिनट 50 सेकंड, 1 मिनट 31 सेकंड और 6 मिनट 21 सेकंड के तीन वीडियो मिले हैं। शुरुआत के दो वीडियो में विकास ने अपने काम से लेकर शादी तक की पूरी कहानी सुनाई है।
विकास ने बताया कि वह निजी नौकरी करता है। पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। चार साल का बेटा है। शुरू में सबकुछ ठीक चला। बाद में उसे शराब की लत लग गई। धीरे-धीरे उसका रिश्ता बिगड़ने लगा। बाद में दूसरे समुदाय के एक युवक उसके घर आने लगा।
विज्ञापन
वह खुद ही उस युवक को अपने घर लाया था। इस बीच उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई। दोनों के बीच अनबन रहने लगी। विवाद बढ़ा तो आरोपी युवक ने उसे साइबर फ्रॉड में भी फंसा दिया। विकास आरोप लगाता है कि उसकी पत्नी दूसरे समुदाय के युवक से नजदीकियां बढ़ा रही थी।
'मेरा बेटा माता-पिता व भाई-बहन को दिया जाए'
यह उसको बर्दाश्त नहीं हुआ। अपनी पत्नी से प्यार करने की बात करते हुए वह कहता है कि वह मानता है कि नशे में उसने पत्नी को गालियां दीं लेकिन अब भी वह उससे बहुत प्यार करता है। सरकार से गुहार लगाते हुए उसने वीडियो में बोला कि उसका बच्चा माता-पिता व भाई-बहन को दिया जाए।
अंत में विकास लाइव वीडियो बनाकर फांसी लगाई
उसकी पत्नी के पास खुद भी खाने को पैसे नहीं है तो वह उसके बेटे का क्या खिलाएगी। पूरी बात बताने के बाद अंत में विकास लाइव वीडियो बनाकर फंदे पर लटक जाता है।
बुधवार और बृहस्पतिवार को उसका वीडियो काफी वायरल हुआ। लोगों ने सोशल मीडिया पर उसकी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। वारदात के बाद से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद विकास का शव परिवार के हवाले कर दिया है। परिजनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार सुबह करीब 9.45 बजे टीम को आत्महत्या की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम गली नंबर-1 में पहुंची जहां दूसरी मंजिल पर विकास नामक युवक का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि विकास के परिवार में उसके पिता रविंदर, मां, दो भाई और एक बहन है। विकास ज्वालाहेड़ी इलाके में एक दुकान पर सेल्समैन की नौकरी करता था। करीब पांच साल पहले उसने एक युवती से प्रेम विवाह किया था।
पति-पत्नी के बीच इस बात पर होता था विवाद
विकास को शराब पीने की लत है, इसके अलावा उसके ऊपर कुछ कर्जा है। इस वजह से पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। करीब तीन साल पहले पत्नी विकास को छोड़कर अपने मायके में जाकर रहने लगी थी जिससे विकास काफी परेशान रहता था।
बुधवार को उसने लाइव वीडियो बनाकर कर्जे, पत्नी का दूसरे युवक से अफेयर आदि का जिक्र करते हुए तीन वीडियो बनाए और फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने परिजनों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।